बेगूसराय में बोले जावेद अख्तर समाज में बढ़ रही है नफरत


पंकज कुमार पांडे की रिपोर्ट

प्रख्यात गीतकार जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने शनिवार को कहा कि गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) समाज में नफरत बांट रहे हैं। वे अगर मोदी जी के मुखौटा हैं, तो उनकी हर बात की जिम्मेवारी मोदी जी को लेनी होगी। गिरिराज तीन हाथ जमीन की बात करते हैं। उन्होंने कभी उस जमीन की बात नहीं की है, जहां किसान खेती करता है। जहां फसल उगती है और फसल का वाजिब दाम नहीं मिलता है। बेगूसराय सीट से वामपंथी उम्मीदवार कन्हैया कुमार के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

जावेद अख्तर ने कहा कि वैसे लोग जो आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के साथ थे, आज वही लोगों को देशप्रेम का पाठ पढ़ा रहे हैं। देश को धर्म, कर्म और जाति के आधार पर टुकड़ों में बांटने वाले लोग आज दूसरों पर टुकड़े-टुकड़े का आरोप मढ़ रहे हैं। जिनके पास आजादी का एक भी हीरो नहीं, वे राष्ट्रवाद की बात कर रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेता प्रकाश राज ने कहा कि आज देश को कन्हैया कुमार की जरूरत है।

जो अंग्रेजों के साथ थे, वे देशप्रेम का पाठ पढ़ा रहे हैं: जावेद अख्तर
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए जावेद अख्तर बोले, 'वैसे लोग जो आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों के साथ थे। आज वही लोगों को देशप्रेम का पाठ पढ़ा रहे हैं। वे वैसे लोगों को वंदे मातरम बोलने के लिए कह रहे हैं, जिन्होंने आजादी के पूर्व से ही वंदे मातरम कहा है। देश को धर्म, कर्म और जाति के आधार पर टुकड़ों में बांटने वाले लोग आज दूसरों पर टुकड़े-टुकड़े का आरोप मढ़ रहे हैं। जिनके पास आजादी का एक भी हीरो नहीं, वे राष्ट्रवाद की बात कर रहे हैं।'